Practical solution to save environment
दिल्ली में AQI 400 पार हो जाता है, और हम मास्क पहनकर morning walk पर निकलते हैं। यह irony नहीं, warning है।
हम हर साल वृक्षारोपण दिवस मनाते हैं, फोटो खिंचाते हैं, और अगले दिन वही पौधे धूप में सूखते रहते हैं। पर्यावरण की समस्या data में नहीं, इसी attitude में है।
पहले हमारे पूर्वजों में जगह-जगह पीपल और बरगद लगाने, जल के प्रबंध करने की परंपरा थी, जिससे राहगीरों को शीतल जल और छाँव मिलती थी। आज वही सोच हमसे छूटती जा रही है, और नतीजा सामने है। Environment अब एक ऐसी समस्या बन चुका है जो बाकी सब पर भारी पड़ती है। समय रहते कदम न उठे तो असर लौटकर हम पर ही पड़ेगा।
व्यक्तिगत तौर पर हम सबको, साथ ही सरकार को भी, इस पर ध्यान देना चाहिए। यदि हम अपने घर के 10% हिस्से और छत के 20% हिस्से पर पौधे लगाएं या गमले रखें, तो भी कुछ हद तक AQI को सुधारा जा सकता है क्योंकि एक घर से फर्क न पड़े लेकिन जब एकजुट होकर सभी घर और पूरा शहर ऐसा करेगा तो जरूर बड़ा impact आएगा।
हरी दीवार से लेकर पहाड़ी तक
ऐसा नहीं है कि सरकार का ध्यान इस ओर नहीं है। कई जगहों पर पौधों की दीवार (Green Wall) का idea अच्छा है, लेकिन implementation कमज़ोर है, क्योंकि जिस चीज़ का maintenance न हो, वह लंबे समय तक नहीं टिकती। यदि आसपास की community किसी Green Wall को गोद ले ले, तो इस समस्या से काफी हद तक निपटा जा सकता है। इंदौर और पुणे जैसे शहरों में लोगों के सहयोग से इसका सफल परीक्षण हो चुका है।
शहर के बाहर जो पहाड़ियाँ अब नाम-मात्र के पेड़-पौधों तक सिमट गई हैं, उन्हें फिर से हरा-भरा करने के कई उपाय किए जा सकते हैं। जैसे पहाड़ी पर जगह-जगह दो फुट के गड्ढे किए जा सकते हैं, जिनसे बारिश का पानी गड्ढे के सहारे पहाड़ी के भीतर तक पहुँचे। इसे "Soak Pit" या "Contour Trenching" कहते हैं, जो राजस्थान में इस्तेमाल होती है। इसे अपनाने से वनस्पति को उगने का मौका मिलेगा, जो वहाँ के पूरे eco-system को फिर से जीवन देने में मदद करेगा।
इसी सोच का एक और सीधा-सादा रूप है "Green muffler" रेलवे लाइनों और सड़कों के दोनों किनारों पर पेड़ों की घनी पट्टी लगाना। यह मफलर की तरह दो काम एक साथ करता है: ट्रेनों और गाड़ियों से उठने वाले शोर को सोखता है, और साथ ही आसपास की सूखी, खाली ज़मीन को रेगिस्तान की तरह फैलने से रोकता है। जो ज़मीन अभी सिर्फ पटरी और सड़क के किनारे बंजर पड़ी रहती है, वही अगर एक जीवित हरी दीवार में बदल जाए, तो शोर भी थमेगा और मिट्टी भी बचेगी।
Zero waste connection
पर्यावरण केवल पेड़- पौधे लगाने तक सीमित नहीं है। अक्सर हम जोश में आकर पौधे तो लगा देते हैं, उसके साथ फोटो खिंचवा लेते हैं, social media पर पोस्ट कर देते हैं, और बस काम खत्म। असली काम तो पौधे को लगाकर उसे बड़ा करने में है। एक पौधे को बड़ा होते देखने में एक अलग ही सुकून है।
पौधों के नाम पर हम अक्सर 'सजावटी पौधे' लगा देते हैं, जबकि हमें स्थानीय पेड़-पौधों पर ध्यान देना चाहिए। स्थानीय पौधे आसपास के माहौल में रहने के लिए बने होते हैं, पानी कम सोखते हैं, अधिक फलते-फूलते हैं, और वायु की गुणवत्ता सुधारने में ज़्यादा सहायक होते हैं।
इसका सीधा कनेक्शन हमारी जीवनशैली यानी 'ज़ीरो वेस्ट' से भी है। अक्सर हम जिसे 'कचरा गाड़ी' और उसमें काम करने वाले को 'कचरा वाला' कहते हैं, असल में वह कचरा फैलाने वाला नहीं, हमारे फैलाए कचरे को साफ करने वाला 'सफाईकर्मी' है। जब तक हमारी भाषा और सोच में यह बदलाव नहीं आएगा, तब तक हमारा विकास अधूरा है। कचरा प्रबंधन की शुरुआत घर की रसोई से होती है। हमें कम से कम गीला (Biodegradable) और सूखा (Non-biodegradable) कचरा अलग करने की आदत डालनी होगी। यह छोटा सा कदम सरकार के काम को आसान बनाता है और अंततः घूमकर साफ पर्यावरण के रूप में हमारे पास ही लौटता है।
Single use plastic और RWA की भूमिका
सरकार ने Single-Use Plastic पर रोक लगा दी है, लेकिन आज भी बाज़ार में यह धड़ल्ले से चल रही है। अगर हम खुद सामान लेने कपड़े का थैला साथ रखें, तो इसे कुछ हद तक ज़रूर कम किया जा सकता है। हम सबकी सामूहिक पहल से ज़मीनी स्तर पर सफाई हो सकती है, और यहाँ-वहाँ फैला कचरा कम किया जा सकता है।
यहाँ Resident Welfare Association यानी RWA का ज़िक्र करना भी ज़रूरी है। कागज़ पर देखें तो यह बस एक गैर-सरकारी संस्था भर है, जो किसी सोसाइटी या मोहल्ले के निवासियों के साझा हितों के लिए बनाई जाती है जैसे पार्क, लिफ्ट, सड़कों की देखभाल हो या मेंटेनेंस का हिसाब-किताब, गार्ड की तैनाती हो या पानी-बिजली का इंतज़ाम। पर असल में RWA सिर्फ चार्ज वसूलने और शिकायतें सुलझाने वाला दफ्तर नहीं, यह मोहल्ले की सामूहिक चेतना का सबसे नज़दीकी औज़ार है। जो काम अकेले करते हुए हम थक जाते हैं एक पार्क को हरा-भरा रखना, एक तालाब को बचाना वही काम अगर RWA के कंधे पर आ जाए, तो ज़िम्मेदारी बँट जाती है और टिकाऊ भी बनती है।
और यहीं से सामुदायिक भागीदारी की असली शुरुआत होती है। यदि समाज मिलकर अपने आसपास के पार्क और तालाबों को गोद ले, तो मेंटेनेंस की समस्या अपने आप खत्म हो जाएगी। हम सब मिलकर पार्क को फिर हरा-भरा कर सकते हैं, वहाँ झूले और व्यायाम की मशीनें लगवा सकते हैं। तालाब के आसपास होने से तापमान भी कम रहेगा और इकोसिस्टम भी धीरे-धीरे पनपने लगेगा। सवाल बस इतना है कि हम RWA को सिर्फ शिकायत दर्ज कराने की जगह मानते हैं, या बदलाव की शुरुआत की जगह।
पहाड़ों पर अगर 'सोक पिट' ज़रूरी है, तो शहरों में हमारे घरों की छतों पर 'रेन वॉटर हार्वेस्टिंग' उतनी ही ज़रूरी है। कंक्रीट की सड़कों ने धरती का मुंह बंद कर दिया है, जिससे बारिश का पानी ज़मीन के नीचे जाने के बजाय गंदे नालों में बह जाता है। जब तक हम पानी को सहेजना नहीं सीखेंगे, तब तक नए पौधों की जड़ें सूखी ही रहेंगी।
चीन का 'Green Miracle' और भारत के लिए सीख
चीन ने अपने विशाल रेगिस्तानों (विशेषकर कुबुची और मु उस रेगिस्तान) का कायाकल्प करके दुनिया को दिखाया है कि इच्छाशक्ति और सही विज्ञान से क्या मुमकिन है। चीन ने ऐसा केवल पर्यावरण के लिए नहीं, बल्कि बीजिंग जैसे बड़े शहरों को चोक करने वाले धूल भरे तूफानों को रोकने और अपनी उपजाऊ ज़मीन को मरुस्थलीकरण (Desertification) से बचाने के लिए किया।
इसके पीछे दो मुख्य वैज्ञानिक तरीके थे:
स्ट्रॉ चेकरबोर्ड (Straw Checkerboard) तकनीक: इसमें सूखी घास या पुआल को रेत पर एक-एक मीटर के चौकोर ग्रिड (शतरंज के बोर्ड की तरह) में दबाकर बिछा दिया जाता है। यह ग्रिड तेज़ हवा की रफ्तार को रोककर रेत को उड़ने से थाम लेता है और बारिश की बूंदों की नमी को बांधकर रखता है।
वॉटर-जेट प्लांटिंग (Water-jet Planting):
पारंपरिक रूप से गड्ढा खोदने के बजाय, पानी के तेज़ pressure वाले pipe से रेत में कुछ ही सेकंड में गहरा छेद किया जाता है और तुरंत पौधा रोप दिया जाता है। इससे पानी की भारी बचत होती है और पौधे की जड़ें सीधे गहराई में मौजूद नमी तक पहुँच जाती हैं।
चीन ने वहाँ सजावटी पौधों के बजाय स्थानीय और मिट्टी को बांधने वाले पौधे जैसे 'मुलेठी' (Liquorice) को चुना। मुलेठी ने हवा से nitrogen लेकर मिट्टी को उपजाऊ बनाया और स्थानीय किसानों के लिए कमाई का जरिया भी बनी। यही नहीं, उन्होंने रेगिस्तान में बड़े पैमाने पर solar panel लगाए। इन पैनलों ने दोतरफा काम किया बिजली तो बनी ही, साथ ही पैनलों की छाया के कारण ज़मीन से पानी का वाष्पीकरण (Evaporation) कम हुआ, जिससे पैनलों के नीचे सब्जियां और फसलें उगाना मुमकिन हो गया।
दुनिया के कई देशों ने सिर्फ कागज़ी वादों और औपचारिकताओं से आगे बढ़कर ऐसे ठोस कदम उठाए हैं, जिन्होंने न केवल पर्यावरण को सुधारा, बल्कि वहाँ के लोगों की ज़िंदगी और अर्थव्यवस्था को भी पूरी तरह बदल दिया। चीन के अलावा, दो ऐसे देश हैं जिनके प्रयोग दुनिया के लिए एक बड़ी मिसाल बने।
Costa Rica: पेड़ बचाने के बदले पैसे देने की नीति (PSA Program)
1980 के दशक तक Costa Rica ने जंगलों की अंधाधुंध कटाई के कारण अपनी आधी से ज्यादा हरी-भरी ज़मीन खो दी थी। तब उन्होंने एक क्रांतिकारी नीति शुरू की जिसे PSA (Pago por Servicios Ambientales) यानी "पर्यावरण सेवाओं के लिए भुगतान" कहा जाता है।
ठोस कदम : सरकार ने लकड़ी काटने और मवेशी पालन के लिए दी जाने वाली सरकारी subsidy बंद कर दी। इसकी जगह, निजी ज़मीन के मालिकों और किसानों को direct bank transfer देना शुरू किया सिर्फ इसलिए कि वे अपनी ज़मीन पर मौजूद पेड़ों को न काटें और नए स्थानीय पौधे लगाएं। इसके पीछे GIS mapping और satellite imaging की तकनीक का इस्तेमाल किया गया, जिससे हर खेत और जंगल के carbon सोखने की क्षमता और जल-संरक्षण (Water Conservation) के योगदान को सटीक मापा जाता था। इसका पूरा fund petrol पर मिलने वाले tax और पानी के चार्ज से जुटाया गया और नतीजा चमत्कारी रहा। आज costa rica का 50% से अधिक हिस्सा फिर से घने जंगलों से ढक चुका है। वहाँ के लोगों की आय का मुख्य जरिया अब 'इको-टूरिज्म' (Eco-tourism) बन चुका है, जिससे लाखों लोगों को रोज़गार मिला है। देश अब पूरी तरह net zero emission के बेहद करीब है।
सिंगापुर: 'city in a garden' से 'city in nature' का सफर
Singapore एक बेहद छोटा, घनी आबादी वाला और concrete की ऊंची इमारतों से भरा द्वीप देश है, लेकिन इसके बावजूद यह दुनिया के सबसे हरे-भरे शहरों में से एक है।
ठोस कदम: सिंगापुर ने कंक्रीट के बड़े-बड़े नालों को फिर से प्राकृतिक नदियों और झीलों में बदला, जो बारिश के पानी को सहेजती हैं। उन्होंने नई इमारतों की छतों व दीवारों पर पेड़ लगाना (Vertical Greening / Green Walls) कानूनी रूप से अनिवार्य कर दिया। इसके पीछे 3D digital twin technology (Remote Tree Management System) और machine learning का उपयोग किया जाता है। इस तकनीक से शहर के हर एक पेड़ की digital mapping होती है, उसकी सेहत पर AI से नज़र रखी जाती है। साथ ही, thermal modeling के ज़रिए शहर के तापमान (Urban Heat Island Effect) को मापा जाता है, ताकि ठीक उसी जगह पर 'Micro Forest' बनाया जा सके जहाँ गर्मी सबसे ज़्यादा बढ़ रही हो।
प्रभाव: भारी concrete structure होने के बावजूद शहर का तापमान नियंत्रित रहता है, अचानक आने वाली बाढ़ का खतरा टल गया है, और जैव विविधता (जैसे दुर्लभ पक्षी और जीव) concrete के बीच इंसानों के साथ तालमेल बिठाकर रह रहे हैं। शहरों में इस हरियाली के कारण लोगों का तनाव और मानसिक बीमारियां काफी कम हुई हैं।
पर्यावरण को बचाना कोई 'cherity' या दिखावा नहीं है; यह एक ऐसा वैज्ञानिक निवेश है जो लोगों के स्वास्थ्य और देश की economy के रूप में तुरंत return देता है।
भारत कैसे कर सकता है इस्तेमाल?
भारत अपने थार रेगिस्तान (राजस्थान) और गुजरात के कच्छ जैसे शुष्क इलाकों में इस model को बखूबी लागू कर सकता है। हमारे यहाँ जो पराली (फसलों के अवशेष) जलाने की समस्या है, उसका उपयोग रेगिस्तानी इलाकों में 'स्ट्रॉ चेकरबोर्ड' बनाने के लिए किया जा सकता है। राजस्थान और गुजरात में लग रहे विशाल solar parks के नीचे 'एग्रिवोल्टिक्स' (Agrivoltaics) यानी solar panels के नीचे स्थानीय औषधीय और कम पानी वाले पौधों (जैसे खेजड़ी, रोहिड़ा, नीम, ग्वारपाठा) की खेती को अनिवार्य किया जा सकता है। अगर चीन की तरह भारतीय corporates और सरकार मिलकर स्थानीय ग्रामीणों को इस काम से जोड़ दें और उन्हें इसका आर्थिक लाभ मिले, तो हमारे बंजर इलाके भी फिर से सांस लेने लगेंगे।
भारत इन दोनों international models को अपने यहाँ की परिस्थितियों के अनुसार बहुत आसानी से लागू कर सकता है। हमारे मेट्रो शहरों (जैसे दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु) में सिंगापुर की तर्ज पर 'बायोफिलिक अर्बन डिज़ाइन' (Biophilic Urban Design) को building by laws (निर्माण कानूनों) का अनिवार्य हिस्सा बनाया जाना चाहिए, जहाँ हर नई बहुमंजिला इमारत के लिए 20-30% हिस्से पर vertical greenery, पौधे या roof top garden रखना जरूरी हो। शहरों के पेड़ों की सही गिनती और सेहत के लिए हमें भी 'digital twin' और AI का सहारा लेना होगा, ताकि सिर्फ कागज़ों पर पेड़ लगाने का रवैया बंद हो सके।
दूसरी ओर, ग्रामीण और पहाड़ी इलाकों (जैसे हमारे senstive हिमालयी क्षेत्र या पश्चिमी घाट) में हमें Costa Rica के 'PSA मॉडल' को अपनाना चाहिए। भारत के पास पहले से ही CAMPA (Compensatory Afforestation Fund) जैसा भारी-भरकम फंड मौजूद है। इस फंड का इस्तेमाल सीधे स्थानीय कम्युनिटी और किसानों को वित्तीय प्रोत्साहन (Direct Cash Incentive) देने के लिए किया जाना चाहिए, ताकि वे केवल photo खिंचवाने के लिए पौधा न रोपें, बल्कि उन स्थानीय पेड़ों को जिंदा रखने और बड़ा करने की खुद ज़िम्मेदारी उठाएं, क्योंकि इससे उनकी सीधी कमाई जुड़ी होगी। जब पर्यावरण संरक्षण सीधे ग्रामीण अर्थव्यवस्था और शहरी जीवनशैली से जुड़ेगा, तभी ज़मीनी स्तर पर बड़ा बदलाव आएगा।
हम घरों में अक्सर palm tree, cactus या money plant जैसी चीजें सजा लेते हैं, जो oxygen के नाम पर सिर्फ दिखावा हैं। इसकी जगह अगर हम तुलसी, aloevera, नीम, गिलोय या करी पत्ता जैसे स्थानीय पौधों को जगह दें, तो ये न केवल कम पानी में जीवित रहेंगे, बल्कि हवा को शुद्ध करने में भी वास्तविक भूमिका निभाएंगे। हमारे पुरखों ने पीपल और बरगद यूं ही नहीं चुने थे, उनके पीछे गहरा वैज्ञानिक आधार था।
शायद असली सवाल यह नहीं कि पेड़ कैसे लगाएं, बल्कि यह है कि हम फिर से वो पीढ़ी कैसे बनें जो पेड़ लगाकर मास्क उतार सके।
पर्यावरण कोई ऐसी लड़ाई नहीं जो सरकार अकेले जीतेगी, न ही ऐसी जिसे हम अकेले हार सकते हैं। यह उस पीपल की तरह है जिसे हमारे पुरखों ने बिना यह सोचे लगाया था कि छाँव उन्हें मिलेगी या नहीं, फिर भी लगाया, क्योंकि छाँव किसी और के लिए भी ज़रूरी थी। आज हमें बस उतना भर करना है कि गड्ढा खोदें, पौधा रोपें, और फिर वहाँ से चले न जाएँ। बाकी काम मिट्टी, पानी और वक़्त खुद कर लेंगे, बशर्ते हम रुककर देखने का धैर्य रख सकें।
Tags: Environment solution in hindi pdf download, Environment solution in hindi pdf, Environment solution in hindi for students, Environmental issues in hindi pdf, Global environmental issues in hindi, हमारा पर्यावरण कक्षा 6, 7 8 PDF, पर्यावरणीय समस्याएं एवं समाधान, पर्यावरण की समस्या और समाधान PDF
Article अच्छा लगने पर Share करें और अपनी प्रतिक्रिया Comment के रूप में अवश्य दें, जिससे हम और भी अच्छे लेख आप तक ला सकें। यदि आपके पास भी कोई लेख, कहानी, किस्सा हो तो आप हमें भेज सकते हैं, पसंद आने पर लेख को आपके नाम के साथ MeriZindagi.com पर पोस्ट किया जाएगा, अपने सुझाव आप kamalrules90@Gmail.Com पर भेजें


ConversionConversion EmoticonEmoticon